
न्याय की आस में भटक रही बुजुर्ग महिला (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते उम्र गुजर गई, लेकिन खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद आज भी खत्म नहीं हुआ। साल 1994 में शुरू हुई शिकायतों का सिलसिला 2026 तक पहुंच गया, मगर बुजुर्ग महिला सावित्री देवी को अब तक न्याय मिलने का इंतजार है। आरोप है कि उनके खेत की मेड़ काटकर कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया है। करीब 32 साल से इस मामले को लेकर वह अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रही हैं। शनिवार को एक बार फिर नौतनवा तहसील दिवस में पहुंचकर उन्होंने अपनी पीड़ा अधिकारियों के सामने रखी।
मामला महराजगंज जिले की नौतनवा तहसील क्षेत्र के चमैनिया उर्फ भेड़ही गांव का है। यहां की रहने वाली सावित्री देवी पत्नी रामप्रीत विश्वकर्मा ने तहसील दिवस में अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अपनी जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत की। सावित्री देवी का आरोप है कि उनके खेत की मेड़ को काटकर कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस मामले को लेकर वह वर्ष 1994 से लगातार शिकायत कर रही हैं। कभी अधिकारियों के कार्यालय तो कभी प्रशासनिक कार्यक्रमों में पहुंचकर अपनी समस्या बताती रही हैं, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी विवाद का समाधान नहीं हो सका है।
शनिवार को नौतनवा तहसील परिसर में एसडीएम और क्षेत्राधिकारी (सीओ) की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और वार्डों से पहुंचे 40 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। तहसील दिवस में सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन विवाद और अवैध कब्जे से संबंधित रहीं। इसके अलावा मारपीट, पुलिस कार्रवाई से असंतुष्टि, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने जैसे मामले भी सामने आए। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को जांच कर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस के दौरान नौतनवा क्षेत्र के किसान नेता नागेंद्र शुक्ला ने गैस सिलेंडर और खाद की कथित कालाबाजारी का मामला उठाया। उन्होंने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर गैस सिलेंडर और खाद निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचे जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले में संबंधित विभागों से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। गौरतलब है कि इसी मुद्दे को लेकर नागेंद्र शुक्ला एक दिन पहले तहसील परिसर में जमीन पर बैठकर धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
तहसील दिवस में फिर लगाई गुहार (IMG: Dynamite News)
तहसील दिवस में नौतनवा थाना क्षेत्र के गजरही गांव की रहने वाली रबड़ी देवी पत्नी सूर्यबली भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं। उन्होंने मारपीट के एक मामले में पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया। उनका कहना था कि मामले में जिस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए थी, वह नहीं हुई है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की जांच कराकर उचित कार्रवाई कराने की मांग की।
महराजगंज में घिनौनी वारदात: मुंडन संस्कार में गई थी 6 साल की मासूम, हलवाई ने कर डाली हैवानियत
वहीं, सरोजनी नगर वार्ड की रहने वाली कमला देवी पत्नी छोटेलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। उन्होंने शिकायत की कि योजना के तहत मिलने वाली आवास की किस्त उनके खाते में आने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के खाते में चली गई है। कमला देवी ने मामले की जांच कराकर अपनी किस्त दिलाने की मांग की।
तहसील दिवस में पहुंचे सभी फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 21 November 2026, 3:46 PM IST
Topics : Gas Cylinder Black Marketing land dispute Land Encroachment Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Uttar Pradesh News