कब सुधरेंगे प्राइवेट अस्पताल वाले…डॉक्टर ने फिर उजाड़ दिया एक घर, बलरामपुर के इस कांड का कौन है असली जिम्मेदार?

बलरामपुर के गौरा चौराहा क्षेत्र में प्राइवेट क्लीनिक की लापरवाही से 60 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर क्लीनिक संचालक महिला को जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 May 2026, 10:18 PM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। गौरा चौराहा क्षेत्र में एक निजी क्लीनिक में इलाज कराने पहुंची 60 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि क्लीनिक में गलत इंजेक्शन या दवा दिए जाने के बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। जब मामला हाथ से निकलता दिखा तो क्लीनिक संचालक महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां उसे स्ट्रेचर पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

गलत इलाज के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सभा सेवरहा के मजरा भरभरिया निवासी लखराजी पत्नी उदयराज की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए गौरा चौराहा स्थित निदान फार्मेसी क्लीनिक लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में महिला को गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ देर बाद ही उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। महिला की सांसें उखड़ने लगीं और शरीर में प्रतिक्रिया दिखाई देने लगी। हालात बिगड़ते देख क्लीनिक संचालक समीउल्ला घबरा गया और आनन-फानन में महिला को जिला मेमोरियल अस्पताल ले गया।

अस्पताल में छोड़कर फरार हुआ संचालक

परिजनों के मुताबिक, जिला अस्पताल पहुंचने के बाद क्लीनिक संचालक महिला को स्ट्रेचर पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति उदयराज ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की मौत सीधे तौर पर गलत इलाज की वजह से हुई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, क्लीनिक सील

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदनगर के चिकित्साधिकारी डॉ. ओमनाथ राव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान क्लीनिक में कई अनियमितताओं की आशंका जताई गई, जिसके बाद क्लीनिक को तत्काल सील कर दिया गया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी संचालक फरार हो चुका था।

पुलिस ने शुरू की तलाश

एसीएमओ संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि क्लीनिक के पंजीकरण और वहां कार्यरत कर्मचारियों की मेडिकल डिग्री की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौरा थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और फरार क्लीनिक संचालक की तलाश तेज कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में निजी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Location :  Balrampur

Published :  10 May 2026, 10:18 PM IST