यूपी में बाढ़-बारिश का डबल अटैक, हाईकोर्ट ने अफसरों को लगाई फटकार; 63 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। प्रयागराज में जलभराव को लेकर हाईकोर्ट ने डीएम और नगर आयुक्त को तलब कर 24 से 48 घंटे में शहर से पानी निकालने का निर्देश दिया। वहीं सोनभद्र, वाराणसी, बिजनौर और गोंडा में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 August 2026, 4:24 AM IST
google-preferred

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब आफत बनती जा रही है। कहीं नदियां खतरे के निशान की ओर बढ़ रही हैं तो कहीं बांधों के फाटक खोलने पड़ रहे हैं। शहरों में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रयागराज के हालात पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए डीएम मनीष कुमार वर्मा और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा को कोर्ट में तलब किया। अधिकारियों के सामने कोर्ट ने साफ कहा कि शहरी इलाकों में 24 से 48 घंटे के भीतर पानी निकल जाना चाहिए।

हाईकोर्ट ने अधिकारियों से मांगा जवाब

मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शहर में जलभराव की स्थिति पर स्वत: संज्ञान लेते हुए डीएम और नगर आयुक्त को तलब किया था। बुधवार को दोनों अधिकारी कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जलभराव को लेकर नाराजगी जताई और अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों से जल्द से जल्द पानी निकालने के निर्देश दिए। मामले में अगली सुनवाई 20 अगस्त को होगी।

सोनभद्र में पहली बार खुले कनहर बांध के 14 फाटक

लगातार बारिश और पड़ोसी राज्यों से पानी आने के कारण सोनभद्र में हालात तेजी से बदले हैं। कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद पहली बार एक साथ 14 फाटक खोलने पड़े। छत्तीसगढ़ और झारखंड से लगातार पानी आने के कारण बांध उफान पर है। प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें जलस्तर पर लगातार नजर रख रही हैं।

बिजनौर में स्टेट हाईवे पर बहा गंगा का पानी

बिजनौर में भी गंगा का पानी सड़क तक पहुंच गया है। स्टेट हाईवे के कुछ हिस्सों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया। ऐसे में लोगों को अपने वाहन निकालने में काफी परेशानी हुई। कई लोग कार और बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से पानी पार कराते नजर आए।

वाराणसी में घाट और मंदिर जलमग्न

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। घाटों के किनारे बने 100 से ज्यादा मंदिरों में पानी घुस गया है। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल भी जलमग्न हो गए। नमो घाट की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। वहीं दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती छत पर कराई गई।

गोंडा में बाढ़ के बीच भूसे के लिए मची अफरा-तफरी

गोंडा में घाघरा नदी के उफान के कारण पांच गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में मवेशियों के लिए पहुंचाए गए सूखे भूसे को लेने के दौरान लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में लोगों को भूसा वितरित किया गया।

63 जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के 63 जिलों में बारिश होने की संभावना है। झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और ललितपुर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Location :  Lucknow

Published :  20 August 2026, 4:24 AM IST

Advertisement