हिंदी
Raebareli News
Raebareli: रायबरेली में एक के बाद एक सामने आई दो घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। जहां एक घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अचानक मौत ने दस्तक दे दी। एक तरफ 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव पेड़ से लटका मिला, तो दूसरी तरफ एक किशोर ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। इन घटनाओं ने न सिर्फ परिवारों को तोड़ा है, बल्कि इलाके में डर और सन्नाटा भी फैला दिया है।
पहला मामला चंदापुर थाना क्षेत्र के मऊ गांव का है। यहां रहने वाले 60 वर्षीय भगवान दीन उर्फ छैला का शव गांव से दूर खेत में सफेदा के पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उन्होंने अंगौछे के सहारे फांसी लगाई। परिजनों के मुताबिक, वह शाम को करीब 5 बजे घर लौटे थे और फिर खेत की ओर चले गए। देर रात तक जब वह वापस नहीं आए, तो परिवार को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई। काफी देर बाद उनका शव खेत में पेड़ से लटका मिला।
परिवार में 6 मई को बेटे की शादी होनी थी और घर में खुशी का माहौल था, लेकिन इस घटना ने सब कुछ बदल दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भगवान दीन मानसिक तनाव से जूझ रहे थे।
रायबरेली मुठभेड़ में पुलिस ने तीन बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
दूसरी घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पहरा खेड़ा गांव में हुई, जहां 14 वर्षीय मनीष उर्फ मोनू ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। किशोर ने कमरे के अंदर पंखे के हुक से रस्सी का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई, तो घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गांव के लोग भी मौके पर जुट गए।
रायबरेली CHC में आग का तांडव, कबाड़ में खड़ी दो एंबुलेंस राख
मनीष के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में एक छोटा भाई और तीन बहनें हैं। ऐसे में उसकी मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है।
Location : RaeBareli
Published : 18 April 2026, 3:19 PM IST