
जेब में रखा मोबाइल अचानक फटा (IMG: Social Media)
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके से मोबाइल फोन फटने का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मोबाइल इस्तेमाल करने वालों की चिंता बढ़ा दी है। गाजियाबाद से दनकौर लौट रहे एक युवक की पैंट की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक गर्म हुआ, धुआं छोड़ने लगा और देखते ही देखते जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि युवक के कपड़ों में आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलसे हैं, जबकि जेब में फोन फटने की वजह से शरीर के निचले हिस्से में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना 8 अगस्त की बताई जा रही है। पीपलका गांव निवासी माजिद गाजियाबाद से दनकौर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने लगा। कुछ ही देर में फोन से धुआं निकलने लगा। माजिद कुछ समझ पाता, इससे पहले ही मोबाइल में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद मोबाइल के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए और युवक के कपड़ों में आग लग गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और घायल माजिद को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
मोबाइल जेब में होने की वजह से धमाके का सीधा असर माजिद के शरीर पर पड़ा। उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। इसके अलावा शरीर के निचले हिस्से और प्राइवेट पार्ट में भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद परिवार के लोग भी काफी परेशान हैं।
माजिद के मुताबिक, उसने यह मोबाइल करीब एक महीने पहले ही ग्रेटर नोएडा के ग्रैंड वेनिस मॉल स्थित डीजी कॉम नाम की दुकान से खरीदा था। उसका कहना है कि फोन नया था और वह इसे सामान्य तरीके से इस्तेमाल कर रहा था। इससे पहले फोन में किसी बड़ी खराबी की जानकारी भी सामने नहीं आई थी।
फिलहाल मोबाइल फटने की असली वजह साफ नहीं है। शुरुआती तौर पर बैटरी में खराबी, शॉर्ट सर्किट या फोन के जरूरत से ज्यादा गर्म होने जैसी वजहों की आशंका जताई जा रही है। हादसे में मोबाइल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, इसलिए इसकी बैटरी और दूसरे तकनीकी हिस्सों की जांच के बाद ही विस्फोट की सही वजह सामने आ सकेगी। इस घटना ने एक बार फिर मोबाइल फोन की बैटरी और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Greater Noida
Published : 13 August 2026, 1:57 PM IST