हिंदी
आजकल मानसिक तनाव इतना बढ़ गया है कि युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा सुसाइड कर रही है। आपको जानकर हैरानी होगी कि पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के 4 जिलों में 4 सरकारी कर्मचारियों ने अपनी जीवनलीला खत्म कर ली।
Symbolic Photo
New Delhi: आजकल मानसिक तनाव इतना बढ़ गया है कि युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा सुसाइड कर रही है। आपको जानकर हैरानी होगी कि पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के 4 जिलों में 4 सरकारी कर्मचारियों ने अपनी जीवनलीला खत्म कर ली।
गोंडा में BLO ने जहर खाकर किया सुसाइड
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मतदाता पुनरीक्षण कार्य (SIR) की ड्यूटी में लगे एक BLO ने सुसाइड कर लिया। यह घटना मंगलवार सुबह की है। सुबह करीब 7 बजे BLO विपिन यादव ने जहर खा लिया था, उनको गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट करवाया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया है। लखनऊ के केजीएमयू में युवक की मौत हुई है। BLO विपिन यादव की मौत के बाद उनकी पत्नी सीमा यादव ने एक वीडियो जारी करते हुए तरबगंज SDM, नवाबगंज BDO और लेखपाल पर परेशान करने का आरोप लगाया। हालांकि, DM प्रियंका निरंजन ने इन आरोपों को गलत बताया था।
गाजियाबाद की घटना
गाजियाबाद जिले में एक बैंक मैनेजर ने ऊंचाई से कूदकर जान दे दी। मरने वाला युवक हापुड़ में बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्य कर रहा था। अभी तक इस बात का पता नहीं चला है कि बैंक मैनेजर ने सुसाइड क्यों किया।
बिजनौर में डाक कर्मचारी ने लगाई फांसी
उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना हुई। साकेत कॉलोनी में डाक विभाग के एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। सोनू पिछले 10 साल से कलेक्ट्रेट के पीछे स्थित साकेत कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। सोनू का पूरा परिवार था। हालांकि, अभी तक पता नहीं चला है कि सोनू ने क्यों सुसाइड किया।
फतेहपुर में लेखपाल ने किया सुसाइड
फतेहपुर जिले में शादी से एक दिन पहले लेखपाल सुधीर कुमार कोरी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। जिसके बाद सुधीर कुमार कोरी के गांव में मातम छा गया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुधीर कुमार कोरी के रूप में हुई है। सुधीर कुमार की ड्यूटी इस वक्त जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर लगी थी। छह महीने पहले उनकी शादी तय हुई थी और बुधवार को उनकी बारात सीतापुर गांव जानी थी।