
नाइट क्लब में वायरल वीडियो
Budaun : सिटी मॉल में संचालित सफायर नाइट क्लब का एक वीडियो सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर अश्लील डांस, महिलाओं पर नोटों की बारिश और खुलेआम शराब परोसे जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में नाराजगी बढ़ गई और कई सामाजिक संगठनों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। बढ़ते विवाद को देखते हुए जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है।
बदायूं के सिटी मॉल स्थित सफायर नाइट क्लब का कथित वीडियो वायरल होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। वीडियो में अश्लील डांस, महिलाओं पर नोटों की बारिश और शराब परोसे जाने के दृश्य सामने आने के बाद डीएम ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। दो सदस्यीय कमेटी 7 दिन में अपनी रिपोर्ट… pic.twitter.com/WbMPal2sm5
— Dynamite News (@DynamiteNews_) July 11, 2026
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने शनिवार को स्वतः संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ने साफ कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन मिला तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार और एसपी सिटी अभिषेक सिंह की दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। दोनों अधिकारियों को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में यह भी देखा जाएगा कि कार्यक्रम किस अनुमति के तहत आयोजित किया गया, क्या जरूरी लाइसेंस और एनओसी ली गई थी, सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी और आयोजन के दौरान तय नियमों का पालन हुआ या नहीं।
प्रशासन ने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता, मॉल प्रबंधन, नाइट क्लब संचालक और संबंधित विभागों के अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार सिंह ने मॉल प्रबंधक प्रतीक गुप्ता और नाइट क्लब संचालक दीपक नारंग को नोटिस जारी किया था। उनसे 13 दिनों के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि कार्यक्रम किस आधार पर आयोजित किया गया और क्या इसके लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। सिटी मजिस्ट्रेट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इस आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी। पुलिस ने भी शुरुआती स्तर पर क्लब प्रबंधन से पूछताछ की है।
वीडियो सामने आने के बाद कई सामाजिक संगठनों ने विरोध दर्ज कराया है। युवा मंच के संस्थापक ध्रुव देव गुप्ता ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। किसान नेता राजेश सक्सेना ने भी इस आयोजन को जिले के सामाजिक माहौल के खिलाफ बताया। वहीं नई सराय निवासी फैज समेत कई स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर नाराजगी जताई।
सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस भी छिड़ गई है। एक पक्ष इसे सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बता रहा है, जबकि दूसरा इसे व्यक्तिगत मनोरंजन का विषय मान रहा है। हालांकि, प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर होगी।
अधिकारियों के अनुसार जांच में कार्यक्रम की अनुमति, लाइसेंस, सुरक्षा व्यवस्था, शराब परोसने के नियम, सार्वजनिक आचरण और मॉल व नाइट क्लब प्रबंधन की भूमिका की विस्तार से जांच की जाएगी। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों और संस्थान के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने से लेकर एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
Location : Budaun
Published : 11 July 2026, 10:02 PM IST
Topics : Budaun News crime news sapphire night club