डीएम ने जनगणना प्रशिक्षण का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों पर सख्ती के निर्देश

महराजगंज में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जीजीआईसी,आनंदनगर में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 April 2026, 4:27 PM IST

Maharajganj: महराजगंज में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जीजीआईसी,आनंदनगर में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं,प्रगणकों की उपस्थिति और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया।

डीएम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों के बीच बैठकर सीधे संवाद किया और उनसे जनगणना कार्य से जुड़ी चुनौतियों व अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि सरकार की विकास योजनाओं की आधारशिला है। इसके आंकड़ों के आधार पर ही सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, संसाधनों का वितरण और क्षेत्रीय विकास की रूपरेखा तय होती है।

सावधानी के साथ कार्य करने के निर्देश

उन्होंने प्रगणकों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और सावधानी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल प्रणाली के तहत मोबाइल एप के सही संचालन और त्रुटिरहित डेटा फीडिंग पर विशेष जोर दिया। डीएम ने आगामी 7 मई से 21 मई तक प्रस्तावित स्वगणना चरण को गंभीरता से संपन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे आगे की प्रक्रिया और अधिक सरल व सटीक हो सकेगी।

डीएम के सरल व्यवहार भी चर्चा

निरीक्षण के दौरान डीएम का मानवीय और सरल व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा। भोजनावकाश के समय उन्होंने औपचारिकताओं को दरकिनार करते हुए प्रशिक्षुओं के साथ सामान्य पंक्ति में लगकर भोजन किया और उनसे आत्मीय बातचीत की, जिससे प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह देखा गया।

उपस्थिति समीक्षा में सामने आया कि प्रशिक्षण हेतु बुलाए गए 252 कार्मिकों में से 215 ही उपस्थित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान एसडीएम शैलेन्द्र गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  27 April 2026, 4:27 PM IST