
डीएम अरविंद चौहान ने लिया जायजा
Saharanpur : जिले में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने भूरादेव मंदिर से मां शाकुंभरी देवी मंदिर तक बन रहे सेतु, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक निर्माण कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। डीएम ने मौके पर पहुंचकर पूरे निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों से प्रोजेक्ट की प्रगति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य की गति काफी धीमी चल रही है, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
डीएम ने संबंधित कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए और उसी के अनुसार काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा से जुड़ी हुई है। इसलिए इसमें किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
सहारनपुर में कुत्ते के काटने पर मुंह से निकला झाग, मासूम की मौत, तीन हजार लोग…
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त मजदूरों और मशीनों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया जाए। जिससे हर दिन के हिसाब से कार्य की निगरानी हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि काम की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पुल निर्माण में हो रहे वेल फाउंडेशन और अन्य तकनीकी कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण सामग्री और तकनीकी प्रक्रिया के बारे में सवाल किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लगातार मौके का निरीक्षण करने और हर स्तर पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिससे किसी प्रकार की लापरवाही सामने न आए।
मां शाकुंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बरसात और पहाड़ी नदी के कारण कई बार लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह सेतु और पहुंच मार्ग परियोजना श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि पुल और सुरक्षा कार्य पूरा होने के बाद मंदिर आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी और यातायात भी सुगम हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर भारद्वाज सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
Location : Saharanpur
Published : 9 May 2026, 6:14 AM IST