
पटाखे जलाते समय हादसा (Img : pinterest)
सीतापुर: दीपावली की रात जहां घरों और मोहल्लों में खुशियों के दीप जल रहे थे। वहीं आतिशबाजी का शौक कई परिवारों के लिए दर्दनाक साबित हुआ। पटाखे जलाने के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में बच्चों समेत 19 लोग झुलसकर घायल हो गए।
रविवार देर रात 12 से दो बजे के बीच हुई घटनाओं के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं, एक बच्चे की आंख में गंभीर चोट आने पर उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर करना पड़ा। जहां सबका इलाज जारी है।
दीपावली की रात चारों ओर रोशनी और आतिशबाजी का माहौल था। इसी बीच जरा सी लापरवाही कई लोगों पर भारी पड़ गई। पटाखों की चपेट में आकर एक साल के मासूम से लेकर 50 साल तक के लोग घायल हो गए। अचानक बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से जिला अस्पताल में भी अफरातफरी का माहौल बन गया।
घायलों में सिद्धांत (7), रोशनी (7), अनिरुद्ध (8), आरव (13), आयुष (12), मान्या कन्नौजिया (1), रेनू (16), रामबालक (35), रेखा (50), उत्तम तिवारी (50), हरेराम (16), पुष्कर (20), कृष्णा (13), मोहित (18), आनंद (31), हरकेश (30), लालता (36), श्रेया (2) और राजू (12) शामिल हैं।
साइकिल पर था दीवाली का सामान और पलभर में उजड़ गई दुनिया, सीतापुर में दर्दनाक हादसे से कोहराम
डॉक्टरों के अनुसार, जवाहरपुर निवासी राजू की आंख में पटाखे से गंभीर चोट आई थी। उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
आतिशबाजी के दौरान बरती गई लापरवाही ने त्योहार की खुशियों में खलल डाल दिया। खासकर बच्चों के घायल होने की अधिक संख्या ने सुरक्षा इंतजामों और अभिभावकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए।
Location : Sitapur
Published : 9 November 2026, 4:40 PM IST