
लव मैरिज (Img : pinterest)
Banda : प्रेम विवाह को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार खूनी वारदात में बदल गया। बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में बेटी की लव मैरिज का लगातार विरोध कर रही एक महिला की उसके दामाद ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कोर्रही गांव निवासी 46 साल बानो, पत्नी स्वर्गीय राजू, अपनी बेटी आलिया और गांव के ही लवकुश वर्मा के प्रेम संबंधों का विरोध करती थीं। बताया गया कि बानो लगातार बेटी को इस रिश्ते से दूर रहने के लिए समझाती थीं। बालिग होने के कारण आलिया ने अपनी मर्जी से लवकुश वर्मा से विवाह कर लिया। शादी के बाद भी परिवार में इस रिश्ते को लेकर विवाद खत्म नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में लवकुश ने धारदार हथियार से बानो पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बानो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को कोर्रही गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका अपनी बालिग बेटी के प्रेम विवाह का विरोध कर रही थी। इसी रंजिश में युवक ने धारदार हथियार से हमला किया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच और विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Banda
Published : 12 July 2026, 2:37 PM IST