हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर में भीषण गर्मी के बीच डीजल संकट ने किसानों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में जुताई और खरपतवार नियंत्रण का समय चल रहा है, लेकिन किसान खेती करने के बजाय पेट्रोल पंपों की लंबी कतारों में खड़े नजर आए।
शनिवार को जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और तपती धूप के बीच लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई जगहों पर ट्रैक्टर, बाइक और अन्य वाहनों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं।
लोटन क्षेत्र में स्थिति सबसे अधिक गंभीर दिखाई दी। तेज धूप और गर्मी से परेशान लोग अपनी मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर पंप पर खड़ा कर छांव में जाकर बैठ गए। करीब दो घंटे बाद जब धूप दूसरी ओर हुई तब लोग फिर कतार में लौटे और डीजल ले सके। इस दौरान पंप पर करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही।
जिले के जिन पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध था, वहां सुबह होते ही वाहनों की भीड़ लग गई। शहर के कई पंपों पर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बांसी मोड़ स्थित दो पेट्रोल पंपों पर सुबह छह बजे से लेकर शाम सवा सात बजे तक लगातार वाहन पहुंचते रहे।
किसानों का कहना है कि डीजल की कमी से खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई किसानों को बिना डीजल लिए ही वापस लौटना पड़ा। जिले में 30 से अधिक पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म होने की चर्चा रही, हालांकि जिला पूर्ति विभाग ने करीब 15 पंपों पर ही कमी की पुष्टि की है।
Location : Siddharthnagar
Published : 24 May 2026, 4:02 PM IST