देवरिया में अचानक सड़कों पर उतरी पुलिस! बचने की कोशिश भी नहीं आई काम, 96 वाहनों का चालान, 3 सीधे सीज

देवरिया में विशेष यातायात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 96 वाहनों का ई-चालान और 3 वाहनों को सीज किया। हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य नियमों की जांच कर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की सलाह दी गई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 July 2026, 6:18 PM IST

 

Deoria: देवरिया शहर में शुक्रवार को उस समय वाहन चालकों में हड़कंप मच गया, जब यातायात पुलिस ने विभिन्न प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर एक साथ विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। कुछ ही घंटों में 96 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 3 वाहनों को सीज कर दिया गया।

एसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान

यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चलाया गया। यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस स्टैंड, हनुमान मंदिर, मालवीय रोड सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की। पुलिसकर्मियों ने हर गुजरने वाले वाहन पर नजर रखी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की।

इन नियमों को तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई

चेकिंग के दौरान सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर विशेष नजर रखी गई। इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के ऑटो और ई-रिक्शा संचालित करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

96 ई-चालान, 3 वाहन हुए सीज

पूरे अभियान के दौरान कुल 96 वाहनों का ई-चालान किया गया। वहीं, जिन वाहनों में गंभीर नियम उल्लंघन पाए गए, उन्हें सीज कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल जुर्माना वसूलने के लिए नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

NEET पेपर लीक और छात्र उत्पीड़न के विरोध में सड़क पर उतरे युवा, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, वैध दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहे।

Location :  Deoria

Published :  24 July 2026, 6:18 PM IST