
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Internet)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शहर के मोहन रोड स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक 13 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सादात निवासी विजय बरनवाल की बेटी गोपी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गोपी महज दो दिन पहले ही मोहन रोड पर रहने वाले अपने चाचा सुशील बरनवाल के घर आई थी। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यहाँ आना उसके जीवन का आखिरी सफर साबित होगा।
घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। घर के सभी लोग रोजाना की तरह अपने कामों में व्यस्त थे, तभी अचानक एक कमरे से गोली चलने की जोरदार आवाज सुनाई दी। परिजन जब भागकर कमरे के भीतर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
गोपी खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी हुई थी। जानकारी के अनुसार, कमरे में रखे उसके चाचा सुशील की लाइसेंसी पिस्टल से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई थी। गोली सीधे किशोरी के सिर के आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई सुशील की लाइसेंसी पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया है।
देवरिया में हरियाली पर संकट : वन विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल, ठेकेदारों के हौसले बुलंद
इस मामले में कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। गोली किन परिस्थितियों में चली, क्या यह कोई दुर्घटना थी, लापरवाही थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह है, इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Location : Deoria
Published : 17 June 2026, 10:24 AM IST