Deoria News: नगर पंचायत सलेमपुर में निर्माण कार्यों की जांच पर लोकायुक्त सख्त, अब बाहर के अफसर खोलेंगे फाइलें

देवरिया के नगर पंचायत सलेमपुर में कराए गए निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं के मामले में उत्तर प्रदेश लोकायुक्त ने सख्त रुख अपनाया है। पूर्व में हुई जांच से शिकायतकर्ता के असंतुष्ट होने के बाद लोकायुक्त कार्यालय ने पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 November 2026, 4:26 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के नगर पंचायत सलेमपुर में कराए गए निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं के मामले में उत्तर प्रदेश लोकायुक्त ने सख्त रुख अपनाया है। पूर्व में हुई जांच से शिकायतकर्ता के असंतुष्ट होने के बाद लोकायुक्त कार्यालय ने पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है। खास बात यह है कि इस बार जांच की जिम्मेदारी देवरिया जिले से बाहर के किसी अन्य जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।

तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

लोकायुक्त कार्यालय की ओर से मंडलायुक्त गोरखपुर मंडल को भेजे गए पत्र में नगर पंचायत सलेमपुर निवासी शिकायतकर्ता सुधाकर गुप्ता की ओर से प्रस्तुत परिवाद और संलग्न अभिलेखों के आधार पर लगाए गए आरोपों की बिंदुवार जांच कराने को कहा गया है। इसके लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने का निर्देश दिया गया है। समिति को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर एक दिसंबर 2026 तक अपनी आख्या लोकायुक्त कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।

ये भी पढ़ें: Deoria: 6 गोवंश को ले जा रहे थे तस्करी के लिए, अब दो आरोपियों पर कसा शिकंजा

शिकायतकर्ता की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश

जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए शिकायतकर्ता की मौजूदगी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है। शिकायतकर्ता को अपना पक्ष रखने और उपलब्ध साक्ष्य जांच समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वहीं, जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से समिति में देवरिया जनपद के किसी भी अधिकारी को शामिल नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Deoria Road Accident: अर्टिगा कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, चालक की दर्दनाक मौत

निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासनिक हलचल

लोकायुक्त के इस आदेश के बाद नगर पंचायत सलेमपुर में कराए गए निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अब निगाहें मंडलायुक्त की ओर से गठित होने वाली जांच समिति पर टिकी हैं। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि, आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Location :  Deoria

Published :  17 November 2026, 4:26 PM IST