हिंदी
‘डीएम साहब, सड़क बनवा दीजिए’मल्लाहटोली के बच्चों की भावुक अपील (Source: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर नगर पंचायत के मल्लाहटोली वार्ड की बदहाल सड़क अब केवल स्थानीय लोगों की ही नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों की भी बड़ी परेशानी बन गई है। करीब चार महीने से सड़क की स्थिति खराब है। बारिश होते ही रास्ता कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चे रोज इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
बदहाल रास्ते से परेशान एक बच्चे ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा, “डीएम साहब, ई सड़क... ई सड़कों पे बहुत गंदा है। जब बारिश होता है तो और गंदा हो जाता है... सब शू (जूते) खराब हो जाते हैं। प्लीज, प्लीज बनवा दीजिए।” बच्चे की यह अपील बदहाल सड़क की समस्या को बयां करने के लिए काफी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद रास्ते पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों के जूते और कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार बच्चों को कीचड़ में पैर रखकर रास्ता पार करना पड़ता है। दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों की परेशानी भी बढ़ जाती है और उन्हें आवागमन के लिए दूसरों का सहारा लेना पड़ता है।
वार्डवासियों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। उन्हें आने-जाने के लिए दूसरों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया।
Deoria: मेडिकल स्टोर्स में अचानक घुसे ड्रग इंस्पेक्टर, फिर जो सामने आया, देख उड़ गए सबके होश
स्थानीय लोगों और बच्चों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चार महीने से बनी इस समस्या के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ है। बच्चों की मासूम अपील के बाद अब लोगों की निगाह प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।
सवाल यही है कि आखिर कब बनेगी सड़क और कब खत्म होगा बच्चों का कीचड़ से होकर स्कूल जाने का सिलसिला?
Location : Deoria
Published : 8 August 2026, 12:58 PM IST