दहेज के लिए ली जान? देवरिया में सरकारी आवास के अंदर मिला गर्भवती महिला का खून से लथपथ शव, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

देवरिया के रुद्रपुर सीएचसी सरकारी आवास में गर्भवती महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मां ने पति और ननद समेत पांच लोगों पर दहेज के लिए धारदार हथियार से निर्मम हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 11:45 AM IST

Deoria: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर के सरकारी आवास से एक गर्भवती विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदबारी निवासी चमन लाल विश्वकर्मा की पत्नी गुड़िया के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर धारदार हथियार से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

आधी रात को मिली पुलिस से सूचना

मृतका की मां लालमति देवी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:55 बजे पीआरवी 7016 के माध्यम से उन्हें इस अनहोनी की सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि गुड़िया रुद्रपुर सीएचसी परिसर स्थित उसकी ननद पूर्णिया विश्वकर्मा के सरकारी आवास में मृत पड़ी है। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने गुड़िया के शव को देखा। परिजनों का दावा है कि मृतका के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और सिर पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था।

Chandauli News: NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, केबिन में फंसे चालक की मौत; खलासी गंभीर घायल

दहेज में रुपये और गाड़ी न मिलने पर प्रताड़ना का आरोप

एकौना थाना क्षेत्र के करहकोल गांव की रहने वाली मृतका की मां लालमति देवी (पत्नी स्वर्गीय हरिहर विश्वकर्मा) ने रुद्रपुर कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। उनका कहना है कि करीब चार-पांच साल पहले गुड़िया की शादी चमन लाल विश्वकर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल के लोग दहेज में अतिरिक्त नकदी और गाड़ी की मांग को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इनकी मांगें पूरी करने में असमर्थ थे।

रोते बिलखते परिजन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

देवरिया में खूनी खेल: शराब के नशे में धुत भतीजे ने फावड़े से काटकर चाचा को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर और न्याय की गुहार

पीड़ित मां ने इस मामले में पति चमन लाल विश्वकर्मा, ननद पूर्णिया विश्वकर्मा, सास उर्मिला देवी, जेठ अभिमन्यु विश्वकर्मा और जेठानी वन देवी कुल पांच लोगों को नामजद किया है। मायके पक्ष का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर उनकी बेटी की निर्ममता से जान ली है। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मायके पक्ष ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Location :  Deoria

Published :  25 October 2026, 11:45 AM IST