Deoria Road Accident: देवरिया में चाय की दुकान में घुसी स्कॉर्पियो, बुजुर्ग महिला की मौत

देवरिया के लाहिलपार चौराहे पर रविवार तड़के एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो चाय की दुकान में घुस गई। दुकान में सो रही चंद्रावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 October 2026, 11:27 AM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रविवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की जान चली गई। बरियारपुर थाना क्षेत्र के लाहिलपार चौराहे पर करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो चाय की दुकान में जा घुसी। दुकान में सो रही चंद्रावती देवी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

रोजी-रोटी का सहारा थी छोटी-सी चाय की दुकान

जानकारी के मुताबिक, चंद्रावती देवी अपने पति बच्चन चौहान के साथ लाहिलपार चौराहे पर चाय की छोटी-सी दुकान चलाती थीं। इसी दुकान से दोनों अपने परिवार की आजीविका चलाते थे। शनिवार की शाम रोजाना की तरह खाना खाने के बाद पति-पत्नी दुकान में सोने चले गए थे।

उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद एक बेकाबू वाहन उनकी जिंदगी बदल देगा। रविवार तड़के स्कॉर्पियो दुकान में घुस गई और वहां सो रही चंद्रावती देवी को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई।

पत्नी की मौत से बेसुध हुए बच्चन चौहान

पत्नी को खोने के बाद बच्चन चौहान का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों लंबे समय से साथ मिलकर दुकान चलाते थे। हादसे के बाद उन्होंने अपना दर्द बयां किया तो मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए। रोजी-रोटी के लिए जिस दुकान में दोनों साथ समय बिताते थे, वही जगह अब उनके लिए दुखद यादों से जुड़ गई है।

इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय स्तर पर भी हादसे को लेकर दुख का माहौल है।

दिल्ली में प्रदर्शन से बाजारों की रौनक पड़ी फीकी? 2,000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित

पुलिस ने स्कॉर्पियो समेत दो लोगों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने के बाद बरियारपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लिया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

Location :  Deoria

Published :  11 October 2026, 11:27 AM IST

Related News

Advertisement