पान की दुकान से जीवन यापन करने वाले दिव्यांग रामप्रताप की असमय मौत से मां और पत्नी बेसुध

देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में दाह संस्कार में शामिल होने गए 30 वर्षीय रामप्रताप यादव की स्कूटी पर चढ़ते समय गिरने से मौत हो गई। ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी, डेढ़ वर्षीय बेटा और मां हैं। घटना से गांव में शोक का माहौल।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 3:31 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय रामप्रताप यादव की मौत हो गई। वह रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के बैकुंठधाम में बेलकुंडा निवासी रमाकांत भारती के दाह संस्कार में शामिल होने गए थे। दाह संस्कार के बाद जब वह अपनी स्कूटी पर चढ़ रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रामप्रताप की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

दाह संस्कार में शामिल होने के बाद हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रामप्रताप यादव मंगलवार को रमाकांत भारती के दाह संस्कार में शामिल होने बैकुंठधाम गए थे। रमाकांत भारती बेलकुंडा के निवासी थे। दाह संस्कार में शामिल होने के बाद रामप्रताप अपनी स्कूटी पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामप्रताप यादव की उम्र 30 वर्ष थी। वह बनसप्ती बाजार, बेलकुंडा के निवासी थे और स्वर्गीय कन्हैयालाल यादव के पुत्र थे।

ये भी पढ़े: आपका वोट कहीं छूट तो नहीं जाएगा? देवरिया में मतदाता सूची की शुरू हुई बड़ी जांच

स्कूटी से गिरकर 30 वर्षीय युवक की मौत (Image: AI Generated)

पान की दुकान से चलाते थे परिवार

रामप्रताप एक पैर से दिव्यांग थे। उनकी पत्नी नीरज देवी भी पैर से दिव्यांग हैं। वह पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। तीन भाइयों में रामप्रताप दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई पप्पू यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में दुबई में रहते हैं, जबकि छोटे भाई ओमप्रकाश यादव घर पर रहकर गाड़ी चलाते हैं। रामप्रताप के परिवार में उनकी पत्नी नीरज देवी, डेढ़ वर्षीय बेटा आरव और मां लीलावती देवी हैं। उनकी अचानक मौत के बाद परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। परिवार के लिए यह घटना बड़ा दुख लेकर आई है।

ये भी पढ़े: देवरिया में बकाया मानदेय की मांग को लेकर शिक्षा प्रेरकों का धरना, लखनऊ तक आंदोलन करने की चेतावनी

पति और बेटे को खोने के गम में पत्नी और मां का बुरा हाल

रामप्रताप की मौत की खबर घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पति को खोने के गम में नीरज देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। वहीं, जवान बेटे की मौत से मां लीलावती देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में मां और पत्नी की करुण चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।

डेढ़ वर्षीय मासूम आरव अभी इतना छोटा है कि उसे पिता को हमेशा के लिए खो देने का एहसास भी नहीं है। रामप्रताप की असमय मौत से पत्नी, बेटे और मां के सामने परिवार चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इस घटना से गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Location :  Deoria

Published :  18 November 2026, 3:31 PM IST