
देवरिया स्टेशन पर बैग खुलते ही मचा हड़कंप
Deoria: देवरिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (Government Railway Police) ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से 30 लाख 23 हजार 200 रुपये नगद बरामद किए हैं। भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद मामले में हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई जीआरपी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार, देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से गोरखपुर तक चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम को एक युवक पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उसके बैग से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान राजस्थान के चूरू निवासी मुकेश शर्मा (21) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान युवक बरामद रुपयों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद जीआरपी ने पूरी नकदी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह गोरखपुर में किसी व्यक्ति को रुपये पहुंचाने जा रहा था। पुलिस जांच में यह भी बात सामने आई है कि युवक अपने भाई के कहने पर अलग-अलग पार्टियों तक रुपये पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था।
जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, संपर्कों और लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दे दी है। अब आयकर विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद रकम का वास्तविक स्रोत क्या है और क्या इसका संबंध किसी अवैध कारोबार से है।
फिलहाल पुलिस ने नकदी को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं और आने वाले समय में इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Location : Deoria
Published : 13 September 2026, 11:29 PM IST