
देवरिया में गोवर्धन योजना का कमाल (Img: Dynamite News)
Deoria: विकासखंड देवरिया सदर की ग्राम पंचायत पिपरा चंद्रभान में स्थापित 85 घन मीटर क्षमता का गोवर्धन बायोगैस प्लांट स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा को साकार कर रहा है। गौशाला में करीब 286 गोवंश से प्राप्त गोबर से बायोगैस और जैविक खाद तैयार की जा रही है।
प्लांट से उत्पादित बायोगैस पाइपलाइन के जरिए ग्राम पंचायत के कंपोजिट विद्यालय तक पहुंचाई जा रही है। यहां करीब 170 बच्चों के लिए मिड-डे मील इसी स्वच्छ ऊर्जा से तैयार किया जा रहा है। इससे खाना पकाने में सुविधा के साथ बच्चों में नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें - Deoria News: ‘मां-बाप ने भेजा था पढ़ने दर्द लेकर लौटा मासूम’! गुस्साए परिवार का सवाल बच्चों के साथ ऐसा क्यों?
बायोगैस प्लांट से निकलने वाली स्लरी को सुखाकर जैविक खाद तैयार की जाती है, जिसे किसानों को पांच से आठ रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। खाद की बिक्री से किसानों को सस्ती जैविक खाद मिलने के साथ ग्राम पंचायत को अतिरिक्त आय भी हो रही है।
विद्यालय द्वारा गैस के उपयोग के एवज में प्रतिदिन 80 रुपये का भुगतान किया जाता है। अब तक गैस की बिक्री से करीब 11,740 रुपये और जैविक खाद से करीब 14,301 रुपये की आय अर्जित की जा चुकी है। विभिन्न मदों को मिलाकर परियोजना से ग्राम पंचायत को करीब 46,241 रुपये की आय प्राप्त हुई है।
यह भी पढ़ें - Deoria News: गले से बहता खून और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल! जानिए क्यों देवर ने भाभी पर चला दिया चाकू
प्लांट के संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर ऑपरेटर की तैनाती की गई है। गौशाला कर्मी गोबर संग्रहण और साफ-सफाई में सहयोग करते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।
यह मॉडल गोबर और जैविक कचरे के वैज्ञानिक उपयोग के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, रोजगार और ग्राम पंचायत की आय को एक साथ जोड़ रहा है। पिपरा चंद्रभान की यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी मॉडल बनकर सामने आई है।
Location : Deoria
Published : 3 September 2026, 4:49 PM IST