
हाईटेंशन लाइन से मजदूर का मौत (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में एक खौफनाक हादसा सामने आया, जहां 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन काल बनकर एक मजदूर पर टूट पड़ी। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के छितही गांव स्थित मंदिर टोला के पास धान की भूसी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में अचानक हाईटेंशन तार से करंट उतर आया। इस भीषण हादसे में ट्राली पर सवार 55 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गोरखपुर जनपद के एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर निवासी सूर्यभान प्रसाद (55 वर्ष) पुत्र रामसमुझ धान की भूसी ढोने वाली ट्रैक्टर-ट्राली पर मजदूरी का काम करते थे। सोमवार देर शाम वह ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर रनिहवां गांव से छितही गांव के मंदिर टोला की तरफ जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली पर भूसी काफी ऊंचाई तक लदी हुई थी। जैसे ही वाहन मंदिर टोला के समीप पहुंचा, ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन भूसी के संपर्क में आ गई। तार छुआते ही पूरी ट्रैक्टर-ट्राली में तेज रफ्तार से करंट दौड़ गया।
यह भी पढ़ें-रामगढ़ताल स्पीडबोट हादसे पर बड़ा एक्शन, 4 सदस्यीय जांच समिति गठित, सभी बोटों के संचालन पर तत्काल रोक
गाड़ी में करंट उतरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। खतरा भांपते ही ट्रैक्टर चालक और उस पर सवार दो अन्य मजदूरों ने बिना देर किए छलांग लगा दी और अपनी जान बचाने में सफल रहे। हालांकि, ट्राली के पिछले हिस्से पर मौजूद सूर्यभान प्रसाद बदकिस्मती से नीचे कूदने के दौरान उसमें बुरी तरह उलझकर फंस गए। हाईटेंशन लाइन के तेज प्रभाव के कारण वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें-कॉलेज के बाहर कर रहा था अश्लील हरकतें, पुलिस ने ऑन द स्पॉट दबोचा; पुलिस ने मनचले पर कसा शिकंजा
हादसे के बाद का मंजर बेहद भयानक था। मृतक सूर्यभान का शव करीब आधे घंटे तक ट्राली से चिपका रहा। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन कर बिजली आपूर्ति ठप करने की गुहार लगाते रहे। काफी मशक्कत के बाद जब पावर सप्लाई बंद की गई, तब जाकर शव को ट्राली से अलग किया जा सका। बिजली विभाग की इस देरी को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया।
Location : Deoria
Published : 28 July 2026, 9:24 AM IST