काले रंग की कार में जबरन बैठाया, फिर मांगी फिरौती; युवक अगले ही दिन सकुशल मिला, एक आरोपी गिरफ्तार

देवरिया के महुआडीह क्षेत्र में युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने मऊ से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आयुष सिंह को घटना के अगले दिन गोरखपुर से सकुशल बरामद किया था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 October 2026, 7:15 PM IST

Deoria: उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मऊ जनपद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इससे पहले घटना के अगले दिन अपहृत युवक आयुष सिंह को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

काले रंग की टाटा हैरियर में जबरन बिठाया 

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को रामपुर दूबे निवासी विजयलक्ष्मी देवी ने महुआडीह थाने में सूचना दी थी कि उनका 23 वर्षीय पुत्र आयुष सिंह बलटिकरा मुख्य मार्ग पर पंचर की दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान काले रंग की टाटा हैरियर से पहुंचे कुछ लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठा लिया और लेकर चले गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने 29 सितंबर को आयुष सिंह को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

ये भी पढ़ें: शादी की खुशियों पर टूटा आग का कहर, तो शीतलापुर पहुंचे पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल; पीड़ित परिवार को दी आर्थिक मदद

व्हाट्सऐप के जरिए फिरौती मांगने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, विवेचना और पीड़ित के बयान में सामने आया कि युवक को जबरन वाहन में बैठाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद उसके परिचित से व्हाट्सऐप के माध्यम से करीब 35 हजार से 40 हजार USDT की फिरौती मांगने का प्रयास किया गया।

ये भी पढ़ें: Deoria News: एचपीसीएल डिपो के बाहर पाइपलाइन मरम्मत के दौरान लगी आग, मचा हड़कंप

मऊ से एक आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान अभिषेक चौहान पुत्र पप्पू चौहान, निवासी चाल्हा, पोस्ट खिरिया, थाना रानीपुर, जनपद मऊ की संलिप्तता सामने आई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना में शामिल अन्य लोगों को सहयोग किया और व्हाट्सऐप के जरिए फिरौती मांगने में मदद की।

पुलिस ने अभिषेक चौहान को 1 अक्टूबर को रानीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस घटना में प्रयुक्त टाटा हैरियर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: Pratapgarh: सोने की तैयारी कर रहा था परिवार, तभी घर में अजगर की दस्तक, PRV 112 ने पहुंचकर ऐसे टाला बड़ा खतरा

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कार्रवाई एसपी अभिजित आर. शंकर के निर्देशन, एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा सीओ नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में की गई।

Location :  deoria

Published :  1 October 2026, 7:15 PM IST