
देवरिया में 26 साल के संदीप की मौत(Source: Dynamite NEws)
Deoria: जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के ग्राम सिसई में एक 26 वर्षीय युवक ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सिसई निवासी संदीप मौर्य (26 वर्ष) पुत्र राम किशन का आज शाम करीब 7:00 बजे परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि संदीप ने मानसिक तनाव में आकर घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ गटक लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
हालत बिगड़ते देख परिजन उसे तत्काल देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में लेकर आए। यहाँ चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन जहर शरीर में फैल जाने के कारण इलाज के दौरान ही संदीप की मृत्यु हो गई। चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित करते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया है। खुखुंदू थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 3 May 2026, 5:04 AM IST