
देवरिया पुलिस ने जिलेभर में अभियान चलाया (img: Dynamite news)
Deoria: महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर देवरिया पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान के तहत सुबह के समय सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास निगरानी की। मॉर्निंग वॉक पर निकले महिला और पुरुष नागरिकों से पुलिसकर्मियों ने बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। साथ ही उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण भी किया और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी ली गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हरसंभव मदद और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना(img: Dynamite news)
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को हिदायत देने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की गई। पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की।
एंटी रोमियो टीम ने स्कूल और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं से बातचीत कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। छात्राओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
Birthday Special: भारत को Nuclear Energy में आत्मनिर्भर बनाने का सपना देखा था होमी जहांगीर भाभा ने
देवरिया पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करना भी है। इसके जरिए महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसंवाद, जागरूकता और सुरक्षा से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Location : Deoria
Published : 30 October 2026, 11:11 AM IST
Topics : Deoria Deoria Police UP News