Deoria: चार छात्राओं ने संभाली एक दिन की जिलाधिकारी की भूमिका, जाना कैसे सुलझती हैं जनता की समस्याएं

देवरिया में मिशन शक्ति अभियान के तहत चार छात्राओं को एक दिन की जिलाधिकारी बनने का अवसर मिला। छात्राओं ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 October 2026, 4:20 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए अनूठी पहल की गई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बैतालपुर की चार छात्राओं को सांकेतिक रूप से एक दिन की जिलाधिकारी बनने का अवसर मिला। कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राओं ने जनसुनवाई की प्रक्रिया समझी और जाना कि आम लोगों की शिकायतों का निस्तारण किस तरह किया जाता है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना और भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाने के लिए प्रेरित करना है।

इन चार छात्राओं को मिला मौका

इस पहल में कक्षा सात की रानीका पाण्डे, कक्षा आठ की मानवी पटेल और पलक पटेल तथा कक्षा नौ की रागिनी यादव शामिल रहीं। एक दिन की जिलाधिकारी की सांकेतिक भूमिका निभाने का अवसर मिलने से छात्राएं उत्साहित नजर आईं।

यह भी पढ़ें: मेरठ सांप कांड: रविता और अमरदीप को फांसी, अमित हत्याकांड में अदालत का बड़ा फैसला; जानिए कैसे खुला था राज

जनसुनवाई की प्रक्रिया को करीब से समझा

कलेक्ट्रेट में छात्राओं को बताया गया कि जनता की शिकायतें कैसे दर्ज की जाती हैं, उन्हें संबंधित विभागों तक कैसे पहुंचाया जाता है और उनके निस्तारण की निगरानी किस तरह की जाती है। उन्होंने अधिकारियों से प्रशासनिक कामकाज को लेकर सवाल भी पूछे और अपनी जिज्ञासाओं के जवाब प्राप्त किए।

बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की पहल

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व के गुण विकसित करने के लिए उन्हें व्यावहारिक अनुभव देना जरूरी है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बालिकाएं प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान और खेल समेत हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें: घर के अंदर मिला 28 वर्षीय महिला का शव, आत्महत्या या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस

मिशन शक्ति अभियान के तहत खास पहल

मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को जनसेवा, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का महत्व समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, अपर उपजिलाधिकारी अखिलेश सिंह यादव, नम्रता सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Deoria

Published :  16 October 2026, 4:20 PM IST