हिंदी
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। पढ़ें पूरी खबर
डीएम के निर्देश पर प्रशासन सख्त
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। हरिशंकर लाल उपजिलाधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम जोगिया खुर्द में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित हाई स्पीड डीजल बरामद किया।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के मुताबिक, दोपहर के करीब 1 बजे की गई कार्रवाई में वीरबहादुर यादव के पक्के मकान से 15 प्लास्टिक ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) में लगभग 3000 लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद हुआ। निरीक्षण के दौरान कोई वैध अभिलेख या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
मामलों में हाई स्पीड डीजल का अवैध भंडारण
इसके बाद अपराह्न करीब 3 बजे टीम ने गांव में ही रामानंद यादव के यहां छापेमारी की, जहां से 3 ड्रम में लगभग 550 लीटर डीजल बरामद किया गया। यहां भी भंडारण के संबंध में कोई वैध अनुमति नहीं पाई गई। जांच में पाया गया कि दोनों मामलों में हाई स्पीड डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जो हाई स्पीड डीजल (आवंटन एवं नियंत्रण) आदेश, 1981 का उल्लंघन है तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध FIR दर्ज
मौके से बरामद डीजल को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली रुद्रपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने तथा नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।