ग्रेटर नोएडा के चर्चित दीपक नागर हत्याकांड में बड़ा अपडेट, इन दोनों को भी पुलिस ने भेजा जेल, लेकिन फिर भी इंसाफ अधूरा!

ग्रेटर नोएडा के चर्चित दीपक नागर हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक 8 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, लेकिन एक आरोपी अभी भी फरार है। बदले की इस खौफनाक साजिश के पीछे की पूरी कहानी चौंकाने वाली है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 June 2026, 9:21 AM IST

Noida: ग्रेटर नोएडा के बहुचर्चित दीपक नागर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी प्रीत नागर समेत दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

20 मई की रात हुई थी सनसनीखेज हत्या

जानकारी के मुताबिक, 20 मई 2026 की रात ग्राम वैदपुरा में दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई थी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 21 मई को दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा चार अन्य आरोपियों को भी जेल भेजा जा चुका है।

ग्रेटर नोएडा दीपक नागर हत्याकांड में इनसाइड स्टोरी: मृतक UP Police में लग जाता तो क्या होता? हत्यारों को था इस बात का डर!

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई साजिश

डीसीपी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि वर्ष 2011 में आरोपी के पिता की हत्या हुई थी। उस मामले में मृतक दीपक नागर के पिता नामजद आरोपी थे, हालांकि बाद में अदालत से उन्हें बरी कर दिया गया था। आरोपियों के मन में उसी घटना को लेकर गहरी नाराजगी और बदले की भावना थी। इसी कारण उन्होंने दीपक नागर को निशाना बनाने की योजना तैयार की।

एक महीने तक की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने करीब एक महीने तक दीपक नागर की गतिविधियों पर नजर रखी। उसकी दिनचर्या, आने-जाने के रास्ते और समय की पूरी जानकारी जुटाई गई। मौका मिलते ही 20 मई की रात आरोपियों ने दीपक नागर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए।

BIG BREAKING: ग्रेटर नोएडा के दीपक नागर हत्याकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में मारी गोली

एक आरोपी अभी भी फरार

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। बरामद हथियारों और बाइक को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। वहीं, मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Noida

Published :  1 June 2026, 9:20 AM IST