गाजियाबाद में 8 महीने की गर्भवती महिला की मौत, लेकिन दफनाने से पहले बदल गई पूरी कहानी, जानें पूरा मामला

गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में 8 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दफनाने से पहले चचेरी बहन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 September 2026, 7:00 PM IST

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मुरादनगर के नेकपुर गांव में 8 महीने की गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजन उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तभी उसकी चचेरी बहन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत

जानकारी के मुताबिक, नेकपुर गांव निवासी अब्दुल वहाब अपनी 30 वर्षीय पत्नी साइना और दो बच्चों के साथ रहते हैं। साइना करीब 8 महीने की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजन शव को दफनाने की तैयारी करने लगे।

चचेरी बहन ने जताई हत्या की आशंका

शनिवार को जब परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, उसी दौरान मृतका की चचेरी बहन सिमरन चौधरी ने पुलिस को फोन कर दिया। सिमरन दिल्ली के जगतपुरी थाना क्षेत्र स्थित प्रीत विहार कॉलोनी में रहती है। उसने पुलिस को बताया कि उसे साइना की मौत को लेकर संदेह है और हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ नेकपुर गांव पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस

एसीपी मसूरी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  19 September 2026, 6:34 PM IST