गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

तीन गिरफ्तार
Gorakhpur: अक्सर छोटे-छोटे विवाद जब नफरत और रंजिश में बदलते हैं तो उनका अंजाम खून-खराबे तक पहुंच जाता है। गोरखपुर के बांसगांव इलाके में भी कुछ ऐसा ही हुआ। जहां आपसी दुश्मनी ने एक युवक की जान पर बन आई। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले का मकसद साफ था, सामने वाले को जिंदा न छोड़ना। मामला सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस हरकत में आ गई।
थाना बांसगांव क्षेत्र में हत्या के प्रयास की एक गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने वादिनी के पुत्र पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोरखपुर में दिनदहाड़े फायरिंग: बर्थडे पार्टी में लड़की से चली गोली, मचा हड़कंप
घटना के बाद पीड़िता ने थाना बांसगांव में तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत केस पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में दबिशें तेज कर दीं।
पुलिस जांच के दौरान नामजद अभियुक्त हरिओम पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय विनोद पाण्डेय और सत्यम पाण्डेय पुत्र अजय पाण्डेय, दोनों निवासी किशुनपुर उर्फ बगही, थाना बांसगांव, को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही तीसरे आरोपी निखिल शुक्ला पुत्र रवि शंकर शुक्ला, निवासी शुकुलपुरा इन्द्रापार खुर्द, थाना सिकरीगंज को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की भूमिका घटना में स्पष्ट रूप से सामने आई है।
मारपीट में घायल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। जिससे पूरा सच सामने आ सके।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।