DDU Gorakhpur University से आई बड़ी खबर, RET 2025 के रिजल्ट ने बढ़ाई छात्रों की धड़कनें

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने RET 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने रिकॉर्ड समय में पूरी हुई प्रवेश प्रक्रिया पर खुशी जताई है। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर देख सकते हैं। साथ ही प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन और काउंसिलिंग का पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 May 2026, 12:57 AM IST
google-preferred

Gorakhpur : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शोध पात्रता परीक्षा यानी RET 2025 का अंतिम परिणाम शुक्रवार देर शाम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार रिकॉर्ड समय में पूरी हुई प्रवेश प्रक्रिया को बड़ी उपलब्धि बताया है। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने परिणाम जारी होने पर खुशी जताते हुए कहा कि सफल अभ्यर्थी जल्द ही विश्वविद्यालय परिवार का हिस्सा बनेंगे और नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही उनका कोर्सवर्क भी शुरू कर दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार परीक्षार्थी अपना परिणाम विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर रोल नंबर और जन्मतिथि की सहायता से देख सकते हैं। रिजल्ट जारी होते ही अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

46 विषयों के हजारों अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि RET 2025 की प्रवेश प्रक्रिया 8 फरवरी से शुरू हुई थी। इसके तहत 27 और 28 मार्च को आयोजित लिखित परीक्षा में 46 विषयों के कुल 2343 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था।

गोरखपुर से बड़ी खबर : घर में झगड़े के बाद युवक ने कुएं में लगाई छलांग, चला रेस्क्यू ऑपरेशन

उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था। जिसमें 1339 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए चयनित हुए थे। इसके बाद 20 अप्रैल से इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब अंतिम परिणाम जारी होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है।

विधि और इंजीनियरिंग का परिणाम रविवार को

विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक विधि और इंजीनियरिंग विषयों का परिणाम रविवार को घोषित किया जाएगा। सफल अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की दिक्कत न हो।

प्रवेश और काउंसिलिंग कार्यक्रम भी जारी

रिजल्ट जारी होने के साथ ही विश्वविद्यालय ने काउंसिलिंग और प्रवेश प्रक्रिया का पूरा कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। शोध एवं विकास प्रकोष्ठ की ओर से जारी सूचना के मुताबिक कैटेगरीवार सीट आवंटन और प्रतीक्षा सूची 16 मई तक प्रकाशित कर दी जाएगी।

इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 18 से 20 मई के बीच होगा। वहीं 21 से 25 मई तक शुल्क जमा करने की प्रक्रिया चलेगी। शोधार्थियों को शोध पर्यवेक्षक और सह-शोध पर्यवेक्षक आवंटित करने की प्रक्रिया 27 मई से 9 जून तक पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार जुलाई के दूसरे सप्ताह से नवप्रवेशित शोधार्थियों का कोर्सवर्क शुरू करा दिया जाएगा।

कुलपति ने जताई खुशी

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि आवेदन से लेकर अंतिम परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया तीन महीने से कम समय में पूरी होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए शोधार्थी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करेंगे।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 May 2026, 12:57 AM IST

Advertisement