चंदौली में खून-खराबा: मुर्गी फार्म में घुसकर दलित युवक पर जानलेवा हमला, जानिए क्यों हुआ विवाद

चंदौली के भलेहटा गांव में मुर्गी फार्म विवाद को लेकर दबंगों ने दलित युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। ग्राम प्रधान को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों ने उसके भाई को बेरहमी से पीट दिया, जिसका CCTV वीडियो वायरल हो गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 3:38 PM IST

Chandauli: जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां देर रात एक मुर्गी फार्म में घुसकर दर्जनभर दबंगों ने एक दलित युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि हमलावर ग्राम प्रधान को निशाना बनाने पहुंचे थे। मौके पर प्रधान नहीं मिला तो उन्होंने उसके छोटे भाई पर बेरहमी से हमला कर दिया। यह पूरा मामला बलुआ थाना क्षेत्र के भलेहटा गांव का है।

मुर्गी फार्म विवाद बना हिंसा की वजह

स्थानीय जानकारी के अनुसार, यह विवाद मुर्गी फार्म की जमीन और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोप है कि हमलावर पक्ष पहले से ही ग्राम प्रधान विनोद राम को निशाना बनाने की फिराक में था। जब वे देर रात फार्म पर पहुंचे तो वहां ग्राम प्रधान मौजूद नहीं थे। जिसके बाद उन्होंने उसके छोटे भाई मनीष राम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में मनीष राम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि किस तरह दबंगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। ग्रामीणों ने बताया कि हमलावरों की संख्या लगभग एक दर्जन थी और उन्होंने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती कार्रवाई में केवल मामूली धारा 151 के तहत कार्रवाई की बात सामने आई है। मामले में आरोपी अनिल यादव, अरुण यादव और चंद्रिका यादव के नाम सामने आए हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई पर्याप्त नहीं है और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

प्रशासन का बयान और आगे की जांच

इस मामले में एसपी आकाश पटेल ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस के अफसरों ने बताया कि वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात किया गया है।

Location :  chandauli

Published :  15 April 2026, 3:38 PM IST