
स्कूटी की मांग को लेकर मां से विवाद फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
हाथरस: हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगिया में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक शराब के नशे में घर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। इस दौरान वह बिजली की लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया और नीचे गिर पड़ा। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव जोगिया निवासी 27 वर्षीय भीमसेन चांदी के आभूषण बनाने का काम करता है। वह अभी अविवाहित है। परिजनों के मुताबिक, भीमसेन पिछले कई दिनों से धनतेरस पर स्कूटी दिलाने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार को उसका अपनी मां से विवाद हो गया था।
बताया गया है कि बुधवार देर रात करीब एक बजे भीमसेन शराब के नशे में घर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। इसी दौरान वह बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसे संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। करंट लगने से झुलसे युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है। हालांकि, युवक के ट्रांसफार्मर पर चढ़ने की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Location : हाथरस
Published : 29 October 2026, 4:04 PM IST
Topics : crime news Electric Shock Accident UP News