कानपुर में फर्जी रौब झाड़ने वालों पर शिकंजा, प्रेस पुलिस और अधिवक्ता लिखे वाहनों की जांच

कानपुर में फर्जी पहचान दिखाकर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। प्रेस, पुलिस और अधिवक्ता लिखे वाहनों की जांच कर दस्तावेज नहीं दिखाने वालों के चालान काटे गए...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 September 2026, 6:23 PM IST

Kanpur News: सड़क पर गाड़ी पर प्रेस, पुलिस या अधिवक्ता लिखकर रौब दिखाना अब आसान नहीं होगा। कानपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने ऐसे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में पुलिस ने अचानक चेकिंग शुरू कर दी, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने साफ कर दिया कि गलत तरीके से विशेष पहचान का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

कई इलाकों में एक साथ चला चेकिंग अभियान

कानपुर पुलिस ने दोपहर करीब 12 बजे से एक बजे तक शहर के कई प्रमुख इलाकों में विशेष अभियान चलाया। स्वरूप नगर, बजरिया, सीसामऊ, जरीब चौकी, टाटमिल, घंटाघर, गुमटी, फजलगंज, विजयनगर, काकादेव, रावतपुर, गुरुदेव चौराहा, कल्याणपुर, चकेरी, गोविंद नगर, बर्रा और किदवई नगर समेत कई थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान सबसे ज्यादा फोकस उन वाहनों पर रहा, जिन पर प्रेस, पुलिस और अधिवक्ता जैसे शब्द लिखे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से उनकी पहचान और संबंधित दस्तावेज मांगे।

पहचान पत्र दिखाने पर छोड़े गए वाहन

चेकिंग के दौरान जिन वाहन चालकों ने अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज और पहचान पत्र दिखाए, उन्हें पुलिस ने जांच के बाद जाने दिया। वहीं, कई वाहन चालक ऐसे भी मिले जो मौके पर अपनी पहचान साबित नहीं कर पाए। ऐसे लोगों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई लोग सिर्फ प्रभाव जमाने या कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों पर प्रेस, पुलिस या अधिवक्ता लिखवा लेते हैं। इसी तरह के मामलों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया।

कई जगह हुई बहसबाजी, पुलिस ने नहीं मानी सिफारिश

चेकिंग के दौरान कुछ जगहों पर वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी देखने को मिली। कुछ लोगों ने खुद को पत्रकार, वकील या पुलिसकर्मियों का परिचित बताते हुए वाहन छोड़ने की बात कही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दस्तावेज दिखाने के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी। घंटाघर चौराहे पर हरबंश मोहाल पुलिस ने भी सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य फर्जी पहचान का इस्तेमाल रोकना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना बताया गया है। कानपुर पुलिस का कहना है कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रह सकती है, ताकि वाहनों पर गलत तरीके से विशेष पहचान लिखकर चलने वालों पर लगाम लगाई जा सके।

Location :  Kanpur

Published :  18 September 2026, 6:23 PM IST