हिंदी
औरैया के आटा मिल में छापेमारी (Img: Dynamite News)
Auraiya: जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले की विभिन्न आटा मिलों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दो आटा मिलों से गेहूं के आटे के नमूने एकत्र किए और कुल 1,021 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास और अनिल कुमार संखवार की टीम ने सबसे पहले मिनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक आटा मिल का निरीक्षण किया। यहां से गेहूं के आटे का एक नमूना लिया गया और 698 किलोग्राम आटा सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 20,242 रुपये बताई गई। इसके बाद टीम ने मधुपुर स्थित एक अन्य आटा मिल का निरीक्षण किया। यहां से भी एक नमूना लिया गया और 323 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 9,690 रुपये आंकी गई।
यहां भी पढ़ें: Auraiya News: फर्जी खबर के विरोध में सपा नेताओं का प्रदर्शन, सांसद-विधायक ने FIR की मांग की
निरीक्षण के दौरान दोनों आटा मिलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित लेबलिंग, पैकेजिंग, स्वच्छता और हाइजीन संबंधी मानकों का पूरी तरह पालन नहीं पाया गया। इसके चलते संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान शासन से प्राप्त फूड सेफ्टी ऑन व्हील (मोबाइल प्रयोगशाला) का भी उपयोग किया गया। मोबाइल लैब के माध्यम से 10 खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई। इनमें से 2 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले। संबंधित कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
यहां भी पढ़ें: Auraiya: खेत में मिला युवक का शव, मारपीट के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान के दौरान आम लोगों और खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित, स्वच्छ और मानक खाद्य पदार्थों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
Location : Auraiya
Published : 4 August 2026, 7:08 PM IST
Topics : Auraiya Administration auraiya news UP News