हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (img: pinterest)
Meerut News: मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के किनानगर में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद शुरू हुई जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस मामले ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया था, उसमें अब एक ही परिवार के कई सदस्यों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक शौकिन अपने बेटे बिलाल के साथ मिलकर गोकशी करता था, जबकि उसकी पत्नी रिहाना घर पर रखे मीट को गांव के लोगों को बेचती थी।
दरअसल, नौ सितंबर को किनानगर के खेतों में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद मामला सामने आया था। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने नीरज कश्यप की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। लगातार मिल रही गोकशी की शिकायतों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लिया था।एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इस मामले में लापरवाही बरतने पर तत्कालीन एसओ जोगेंद्र कुमार को हटा दिया था। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की तो किनानगर निवासी शौकिन और उसके परिवार का नाम सामने आया।
पुलिस जांच में सामने आया कि शौकिन और उसका बेटा बिलाल खेतों में गोवध करते थे। इसके बाद मीट को घर पर रखा जाता था, जहां से शौकिन की पत्नी रिहाना गांव के लोगों को बेचती थी। पुलिस पहले ही शौकिन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि रिहाना और बिलाल घटना के बाद से फरार चल रहे थे। बुधवार देर रात दोनों अपने घर पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार बिलाल का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ खरखौदा थाने में वर्ष 2024 में चोरी, नकबजनी समेत अन्य धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वर्ष 2025 में परीक्षितगढ़ थाने में बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Meerut
Published : 25 September 2026, 1:28 PM IST