देवरिया में सात साल का रिश्ता अचानक पहुंचा थाने, फिर कोर्ट में हुआ बड़ा फैसला

देवरिया महिला थाना की पहल पर सात साल से साथ रह रहे एक जोड़े को कोर्ट मैरिज कराई गई। काउंसलिंग के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को कानूनी रूप दिया और परिवार विवाद का समाधान हुआ।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 28 May 2026, 8:34 PM IST

Deoria : सात साल से बिना कानूनी विवाह के साथ रह रहे एक जोड़े का मामला अब चर्चा में है। महिला थाना की सख्ती और लगातार काउंसलिंग के बाद आखिरकार इस रिश्ते को कानूनी पहचान मिल गई और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। मामला परिवारिक विवाद और सामाजिक असहमति के बाद थाने तक पहुंचा था।

पूरा मामला क्या है

ग्राम परारी थाना रामपुर कारखाना निवासी सीमा यादव ने 25 अप्रैल को महिला थाना पहुंचकर तहरीर दी थी कि वह गांव के ही मुकेश यादव के साथ पिछले सात वर्षों से सूरत में रह रही थी। इस दौरान उनके दो बच्चे भी हुए, लेकिन दोनों ने विवाह नहीं किया था। सीमा का कहना था कि जब वह अपने ससुराल पहुंची तो परिवार ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और घर से बाहर कर दिया। यह मामला लगातार विवाद में बदलता चला गया और अंततः महिला थाने तक पहुंच गया।

महिला थाना की सख्ती और काउंसलिंग

मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव ने मिशन शक्ति केंद्र पर दोनों पक्षों को बुलाकर कई चरणों में काउंसलिंग कराई। इस दौरान दोनों को उनके कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में समझाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि संबंध को कानूनी रूप नहीं दिया गया तो विधिक कार्रवाई संभव है। लगातार समझाइश और बातचीत के बाद मामला समाधान की ओर बढ़ा और दोनों पक्ष सहमत हो गए।

यूपी की बड़ी खबर: भाजपा ने गोरखपुर, देवरिया, वाराणसी समेत समेत इन जिलों में नियुक्त किये जिलाध्यक्ष, देखिए सूची

कोर्ट मैरिज और फैसला

इसके बाद मुकेश यादव ने सीमा यादव के साथ न्यायालय में पहुंचकर कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी की। विवाह के बाद दोनों ने विवाह प्रमाण पत्र महिला थाना में प्रस्तुत किया और एक-दूसरे को माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जताई। माहौल भावुक हो गया और पुलिस की पहल को सराहा गया।

थाने की टीम की भूमिका

इस पूरी प्रक्रिया में महिला थाना की टीम की अहम भूमिका रही जिसमें थानाध्यक्ष पूनम यादव, PLV सुमन पाण्डेय, ज्योति सिंह और महिला आरक्षी गुड़िया यादव शामिल रहीं। बाद में दंपति को बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया गया।

Location :  Deoria

Published :  28 May 2026, 8:32 PM IST