
मामूली कहासुनी ने ली एक परिवार के दो लोगों की जान
Muzaffarnagar: जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के शांति नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के मां-बेटे ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पैसे मांगने को लेकर मां-बेटे के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पहले बेटे ने जहरीला पदार्थ खाया और फिर मां ने भी जहर खा लिया।
मामला मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र की शांति नगर कॉलोनी का है। यहां रहने वाली करीब 80 वर्षीय सुशीला पत्नी दयाराम और उनके करीब 50 वर्षीय अविवाहित बेटे जितेंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र अपनी मौसी से नशे के लिए पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी मां सुशीला ने उसे डांट दिया। कहासुनी के बाद जितेंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बेटे के जहर खाने के बाद उसकी मां सुशीला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि परिवार के कई सदस्य और मृतकों की बहनें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है और न ही किसी आपराधिक घटना की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों के संपर्क में है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzzafarnagar
Published : 15 September 2026, 12:04 AM IST