गोरखपुर में बिना सूचना कट रही बिजली, Smart Meter पर बड़ा विवाद

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कटसहरा गांव के दर्जनों लोग गंगटही विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं और बिना सूचना बिजली कट जाती है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 April 2026, 5:03 PM IST

Gorakhpur : सहजनवा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर परेशानी का कारण बनता जा रहा है। बढ़ते बिजली बिल और अचानक कटने वाली सप्लाई से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आ गया। जब दर्जनों लोग सीधे बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

उपकेंद्र पहुंचकर किया जोरदार प्रदर्शन

गोरखपुर के सहजनवा ब्लॉक के हरपुर-बुदहट क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटसहरा के ग्रामीण बड़ी संख्या में गंगटही विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने अवर अभियंता रविन्द्र चौबे को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर हटाने और पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला।

तेज रीडिंग और बढ़े हुए बिल से परेशान उपभोक्ता

ग्रामीणों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गए हैं। उनका आरोप है कि मीटर की रीडिंग असामान्य रूप से तेज चल रही है, जिससे सामान्य खपत के बावजूद भारी-भरकम बिल आ रहे हैं। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

राप्ती इको पार्क बनेगा गोरखपुर का नया आकर्षक पर्यटन केन्द्र, नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा

प्रीपेड मीटर में बिना सूचना कट जाती है बिजली

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी बताया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर में रिचार्ज खत्म होने से पहले कोई अलर्ट या सूचना नहीं मिलती। ऐसे में अचानक बिजली कट जाती है। जिससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ छोटे व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

उपभोक्ताओं के चौंकाने वाले आरोप

प्रदर्शन में शामिल सेराज आलम ने बताया कि उनके घर का सिर्फ दो महीने में 52 हजार रुपये का बिजली बिल आ गया। यह सामान्य स्थिति में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई उपभोक्ता हैं। जिन्हें अत्यधिक बिल मिलने की शिकायत है और सभी विभाग से जांच कर राहत की मांग कर रहे हैं।

गोरखपुर में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वाले गैंग पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, तीन आरोपी चिह्नित

सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद

इस विरोध प्रदर्शन में इसरावती देवी, महेंद्र कुमार, मखना देवी, झिनक, रहमतुननिशा, जबीर अली, नजमा खातून, रिजवान, पानमती, रामजीत, माला देवी, फरीदा खातून, मीना देवी, करमावती, छब्बा देवी, छोटे, विपिन कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।

अधिकारियों का आश्वासन

इस पूरे मामले पर अवर अभियंता रविन्द्र चौबे ने बताया कि कटसहरा के उपभोक्ता अपनी समस्याएं लेकर उपकेंद्र आए थे। सभी उपभोक्ताओं के नाम और मीटर नंबर दर्ज कर लिए गए हैं और उन्हें उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 April 2026, 5:03 PM IST