हिंदी
बदायूं में काम कर ते-करते थम गई सांसें (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के नगला शर्की मोहल्ले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस दुखद घटना में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। वेल्डिंग की दुकान पर काम कर रहे युवक की वेल्डिंग मशीन से करंट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। युवक नूर मोहम्मद ठेकेदार के यहां वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था।
जानकारी के अनुसार मृतक अमन (18) पुत्र सब्बन वेल्डिंग की दुकान पर मजदूरी का कार्य कर रहा था। शाम करीब 5 बजे वह वेल्डिंग का काम कर रहा था, तभी अचानक मशीन में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से अमन गंभीर रूप से झुलस गया और दुकान में ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अमन मूल रूप से थाना कोतवाली क्षेत्र के बक्का बाग का रहने वाला था। वर्तमान में वह सैयद कॉलोनी स्थित अलहमद मैरिज लॉन के पास परिवार के साथ रह रहा था। अमन परिवार का सहारा था और वेल्डिंग का काम करके घर का खर्च चलाता था।
जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और बहन-भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि अमन बेहद मेहनती था।
यूपी में एनकाउंटर की गूंज, बदायूं में हुए इस मुठभेड़ की कहानी चौंका देगी!
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने दुकान का मुआयना कर वेल्डिंग मशीन को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का लग रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
इस हादसे के बाद छोटी वेल्डिंग दुकानों में काम करने वाले कारीगरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अक्सर ऐसी दुकानों पर न तो अर्थिंग की सही व्यवस्था होती है और न ही कारीगरों को सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं। श्रम विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है।
Location : Budaun
Published : 2 June 2026, 1:44 AM IST