
बच्चो से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई (Img: Dynamite News)
Chitrakoot: जनपद चित्रकूट में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा छात्र घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े और राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, अशोक पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को स्कूल से छोड़ने के लिए प्रयागराज रोड स्थित कालूपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कालूपुर प्राथमिक विद्यालय के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे कई बच्चे घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- 1 माह की मासूम को मुंह मे दबोचकर भागा आवारा कुत्ता, फिर जो हुआ… उससे दहला गांव
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बस से बच्चों को बाहर निकाला और आनन-फानन में सभी घायलों को नजदीकी श्री जी प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें- ‘सॉरी मम्मी… अब और सहन नहीं होता’, मौत से पहले नवविवाहिता का 90 सेकेंड का वीडियो वायरल; CB-CID करेगी जांच
डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में एक छात्र की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। वहीं, घटना के बाद स्कूल बस चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Location : Chitrakoot
Published : 1 August 2026, 4:37 PM IST