चित्रकूट में नशे के सौदागरों की पुलिस ने तोड़ी कमर

चित्रकूट में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान ऐसी बरामदगी हुई, जिसने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एक वाहन भी पुलिस के कब्जे में आया है। जानिए पूरा मामला।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 19 November 2026, 4:30 PM IST
Chitrakoot: चित्रकूट में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहाड़ी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 8 किलो 48 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी ने की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद के पर्यवेक्षण में पहाड़ी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सक्रिय थी।

पुलिस के अनुसार, टीम को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसओजी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8 किलो 48 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी भी अपने कब्जे में ले ली।

चित्रकूट और कौशांबी के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार मौर्य पुत्र परान मौर्य निवासी मंडौर, थाना मऊ, जनपद चित्रकूट के रूप में की है। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान कुलदीप त्रिपाठी पुत्र गया प्रसाद त्रिपाठी और तीसरे आरोपी की पहचान बृजेश राजपूत पुत्र सूरजदीन राजपूत के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चांराई, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशांबी के निवासी बताए गए हैं।

इसी बैग में छुपाकर ले जाते थे गांजा (Image: Dynamite News)

पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी संख्या UP96N9642 भी बरामद की है। इस बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, बोलेरो सीज

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पहाड़ी में मुकदमा अपराध संख्या 236/2026 दर्ज किया गया है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कौहारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, कांस्टेबल सचिन यादव, हरिओम और लव गुप्ता शामिल रहे। एसओजी टीम की ओर से उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल रोहित सिंह, रोशन सिंह, गोलू भार्गव, जयनारायण पटैरिया, ज्ञानेश मिश्रा और पवन राजपूत ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location :  Chitrakoot

Published :  19 November 2026, 4:30 PM IST