हिंदी
बच्चा सकुशल बरामद
Banda : जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बांदा रेलवे स्टेशन से एक 2 वर्षीय मासूम बच्चे के लापता होने की सूचना सामने आई। मामला बेहद संवेदनशील था, क्योंकि बच्चा अचानक भीड़भाड़ वाले स्टेशन से गायब हो गया था। डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और कुछ ही घंटों में इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस दौरान आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब 8:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि एक 2 वर्षीय बच्चा बांदा रेलवे स्टेशन से लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, एसओजी और अन्य पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तुरंत जांच शुरू कर दी।
रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिला। फुटेज में सामने आया कि घटना शाम करीब 5:30 बजे की है, जब बच्चे की मां और परिजन मुंबई जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और त्रिनेत्र ऐप की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी तिंदवारी रोड क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद कोतवाली देहात और एसओजी टीम ने महोकर चौराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने बच्चे को नहर में फेंकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान तिंदवारी निवासी किशन के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तुरंत बच्चे को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बच्चे को बांदा पुलिस और आरपीएफ की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम को सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला अपहरण का पाया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Banda
Published : 25 May 2026, 2:27 AM IST