UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद ने खोले 6 और पत्ते, पिपराइच समेत 6 सीटों पर नामों का ऐलान

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद ने छह और सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। ओवैसी के साथ गठबंधन और 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बीच 26 नवंबर की लखनऊ रैली पर भी सबकी नजर है। आखिर इस बार क्या है चंद्रशेखर की चुनावी रणनीति?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 November 2026, 9:43 AM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने विधानसभा प्रभारियों की चौथी सूची जारी करते हुए छह और सीटों पर नामों का ऐलान किया है। इस सूची में गोरखपुर की पिपराइच, आगरा की एत्मादपुर और हाथरस सदर समेत छह विधानसभा सीटें शामिल हैं। पार्टी जिस तरह लगातार विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी कर रही है, उससे चुनावी तैयारियों को लेकर उसकी रणनीति सामने आ रही है।

चंद्रशेखर आजाद ने छह सीटों पर घोषित किए प्रभारी

आजाद समाज पार्टी की ओर से जारी चौथी सूची में छह विधानसभा सीटों के लिए नाम घोषित किए गए हैं। हाथरस की हाथरस सदर सीट से रमेश चंद्र को प्रभारी बनाया गया है। आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से रिंकू सेठ के नाम का ऐलान किया गया है।

इसके अलावा शाहजहांपुर की कटरा सीट से सलीम चांद उर्फ चांद बाबू और शाहजहांपुर सदर सीट से हरिराम वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। गोंडा की कर्नलगंज सीट से ऊषा देवी निषाद और गोरखपुर की पिपराइच विधानसभा सीट से विजय साहनी को प्रभारी घोषित किया गया है।

बसपा की तर्ज पर विधानसभा प्रभारियों का ऐलान

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी चुनाव से काफी पहले विधानसभा प्रभारियों की घोषणा करती रही है। बाद में इनमें से कई चेहरों को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया जाता है। अब चंद्रशेखर आजाद भी लगातार विधानसभा प्रभारियों की सूचियां जारी कर रहे हैं।

ऐसे में माना जा रहा है कि आजाद समाज पार्टी की ओर से घोषित किए जा रहे विधानसभा प्रभारी आगे चलकर पार्टी के प्रत्याशी भी हो सकते हैं। हालांकि, अंतिम प्रत्याशियों को लेकर पार्टी की ओर से अलग से घोषणा की जा सकती है।

ओवैसी के साथ गठबंधन, 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

चंद्रशेखर आजाद ने पिछले दिनों सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ गठबंधन का ऐलान किया था। दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

इसी बीच 26 नवंबर को लखनऊ में एक बड़ी रैली आयोजित होने जा रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस रैली में बड़े ऐलान का दावा किया है। ऐसे में इस आयोजन पर भी राजनीतिक दलों और समर्थकों की नजरें टिकी हैं।

अब तक 127 सीटों पर नामों का ऐलान

आजाद समाज पार्टी अब तक कुल 127 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी ने 31 जुलाई को पहली सूची जारी की थी, जिसमें 45 सीटों के नाम शामिल थे। इसके बाद 21 सितंबर को दूसरी सूची आई, जिसमें 42 सीटों पर प्रभारी घोषित किए गए।

वहीं, 15 नवंबर को जारी तीसरी सूची में 34 सीटों के नामों का ऐलान किया गया था। अब चौथी सूची में छह और सीटों पर प्रभारी घोषित किए गए हैं। लगातार सूचियां जारी कर चंद्रशेखर आजाद अपनी पार्टी के संगठन और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं।

छह सीटों पर घोषित विधानसभा प्रभारी

विधानसभा सीट घोषित प्रभारी
हाथरस सदर रमेंश चंद्र
एत्मादपुर (आगरा) रिंकू सेठ
कटरा (शाहजहांपुर) सलीम चांद उर्फ चांद बाबू
शाहजहांपुर सदर हरिराम वर्मा
कर्नलगंज (गोंडा) ऊषा देवी निषाद
पिपराइच (गोरखपुर) विजय साहनी

Location :  Lucknow

Published :  23 November 2026, 9:43 AM IST