चंदौली में घर की सफाई के दौरान विवाद, पड़ोसियों पर युवती से मारपीट का आरोप

चंदौली के एक गांव में घर की सफाई और दीवार बनवाने का मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने युवती के साथ जमकर मारपीट की, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 21 September 2026, 1:54 AM IST

Chandauli: जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के जयमोहनी पोस्ता गांव में घर की साफ-सफाई और टूटी दीवार बनवाने को लेकर हुए विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसियों ने एक युवती के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

चंदौली में छोटी सी बात पर बड़ा बवाल

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पार्वती देवी ने आरोप लगाया है कि घर की साफ-सफाई और टूटी हुई दीवार की मरम्मत कराने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी बलदाऊ, उसकी पत्नी और बेटी ने उनकी पुत्री के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पिटाई से बेहाश हुई युवती

पार्वती देवी का आरोप है कि तीनों ने उनकी बेटी को लात-घूसों से पीटा। इस दौरान उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला के मुताबिक, मारपीट इतनी ज्यादा थी कि उनकी पुत्री बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल युवती को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आने की बात कही है, जिसमें मारपीट का मामला दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

चंदौली में बच्चों के विवाद में चले चाकू, एक युवक की तड़प-तड़पकर मौत

पीड़िता की मां ने की ये मांग

पीड़िता की मां पार्वती देवी ने इस मामले में नौगढ़ थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने पूरी घटना का विवरण देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

चंदौली के इस गांव में शाम होते ही छा जाता है अंधेरा, 50 परिवारों के इस गांव की हैरान करने वाली कहानी

मामले में पुलिस की कार्रवाई

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

गांव में हुई इस घटना के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Chandauli

Published :  21 September 2026, 1:52 AM IST