
मैनपुरी में बड़ा एक्शन
Mainpuri: मैनपुरी में जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 शिक्षकों को निलंबित कर दिया है, जबकि 41 शिक्षकों और शिक्षामित्रों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 को देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान का प्रथम चरण 22 मई से शुरू हो चुका है, जिसके तहत मकानों का सूचीकरण किया जा रहा है।
मैनपुरी में रिश्तों का बड़ा खेल? पत्नी बोली- पति ने जिंदगी बर्बाद कर दी, पढ़ें पूरी खबर
इस कार्य के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक और शिक्षामित्रों को प्रगणक के रूप में तैनात किया गया है। डीएम की देर रात की गई समीक्षा में सामने आया कि कई प्रगणकों ने अब तक ड्यूटी किट प्राप्त नहीं की थी, जबकि कुछ ने अपने दायित्वों का सही तरीके से पालन नहीं किया।
लापरवाही सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निलंबित किए गए शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकपुर की मंजू तनेजा, झिंझाई की गीता चौहान, रूपपुर भरतपुर की प्रतिभा मिश्रा, रूपपुर बांक की स्नेहलता यादव, नगला सराय की अनुराधा दुबे और नगला शिवलाल की सुनीता रानी शामिल हैं।
इसके अलावा 41 शिक्षक और शिक्षामित्रों का वेतन भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। इनमें कई पर ड्यूटी न लेने और प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप हैं। सभी को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निलंबित किए गए सभी शिक्षकों को फिलहाल ब्लॉक संसाधन केंद्र से संबद्ध कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि आगे की कार्रवाई उनके स्पष्टीकरण और जांच के आधार पर तय की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 26 May 2026, 8:18 PM IST