जनगणना-2027: घर बैठे मोबाइल से भरें फॉर्म, 30 नवंबर आखिरी तारीख; जानिए पूरा प्रोसेस

जनगणना-2027 के लिए गोरखपुर में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। डीएम दीपक मीणा ने लोगों से ऑनलाइन फॉर्म भरने और 11 अंकों की SE ID सुरक्षित रखने की अपील की है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 17 November 2026, 8:48 PM IST

Gorakhpur: जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए नागरिकों को घर बैठे स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा दी गई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 तक मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से अपनी स्व-गणना अवश्य पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं का आधार बनते हैं। ऐसे में प्रत्येक परिवार की सही और संपूर्ण जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है।

डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। पोर्टल पर उत्तर प्रदेश का चयन करने के बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। ओटीपी से सत्यापन के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर मकान और परिवार से संबंधित सवालों के जवाब भरने होंगे।

विकास कार्यों को रफ्तार देने की चुनौती, गोरखपुर के नए सीडीओ अभिषेक कुमार ने संभाली कमान

स्व-गणना के दौरान मकान का पूरा पता, भवन का उपयोग, मकान की स्थिति, दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का स्वामित्व, परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या और रहने के लिए उपलब्ध कमरों का विवरण देना होगा। इसके अलावा पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोईघर, खाना पकाने के ईंधन और जल निकासी की व्यवस्था से जुड़ी जानकारी भी दर्ज करनी होगी।

परिवार के पास उपलब्ध मोबाइल फोन, इंटरनेट, टेलीविजन, रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसे संसाधनों का विवरण भी निर्धारित प्रश्नों के अनुसार भरना होगा। जिलाधिकारी ने लोगों को आगाह किया कि फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि कोई गलती या कॉलम अधूरा न रह जाए।

11 अंकों की SE ID संभालकर रखना अनिवार्य

डीएम ने विशेष रूप से कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली 11 अंकों की एसई आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसे मोबाइल में सेव करने के साथ लिखकर भी रखें। एक दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी दिखानी होगी, जिससे पहले दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

Gorakhpur: वन रेंज में पेड़ों की कटान को लेकर सवाल, रेंजर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

उन्होंने बताया कि जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे। पांच से नौ जनवरी तक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना स्व-गणना पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, बिजली और अन्य जनसुविधाओं के लिए भविष्य की योजनाएं बनाने में सरकार को मदद मिलेगी।

Location :  gorakhpur

Published :  17 November 2026, 8:48 PM IST