Dynamite News Exclusive : चंद्रनाथ रथ मर्डर में सीसीटीवी ने बढ़ाई एजेंसियों की मुश्किलें, रात तक बलिया में था आरोपी

बलिया में चंद्रनाथ रथ हत्या मामले से जुड़ी गिरफ्तारी पर बड़ा विवाद सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नए दावे किए जा रहे हैं, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने जांच की मांग करते हुए निर्दोष होने का दावा किया है और सभी सबूतों की गहन जांच की अपील की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 May 2026, 8:55 PM IST

Ballia : Dynamite News Exclusive खबर है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में कोलकाता एसटीएफ द्वारा बलिया के आनंद नगर निवासी ठाकुर राज सिंह की गिरफ्तारी के मामले में सीसीटीवी फुटेज के अनुसार नया मोड़ आ गया है।

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया नया दावा

सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि राज सिंह छह मई की रात करीब आठ बजे गुरुद्वारा रोड स्थित कला जोन की दुकान पर अपने एक साथी के साथ बुलेट से पहुंचता है और दुकान के अंदर करीब 8:04 बजे प्रवेश करता है। जहां दुकान के दूसरे तल पर जाकर कपड़ा नापता है। वह छोटा हो जाता है। इसके बाद वह वहीं पर काफी देर तक बैठता है। तत्पश्चात रात करीब 8:23 बजे दुकान से निकलकर बुलेट लेकर घर जाता है।

सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट होता है कि 6 मई की रात 8:23 तक राज सिंह कला जोन की दुकान में था। जिसे कला जोन के प्रोपराइटर रामकुमार मुन्ना ने भी कबूल किया है।

समय को लेकर उठ रहे सवाल

सवाल है कि जब राज सिंह 6 मई की रात 8:23 तक बलिया शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित कला जोन की दुकान में था तो फिर वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता कैसे पहुंचा और मुख्यमंत्री के पीए की हत्या की घटना में कैसे शामिल हो गया। क्योंकि एयरपोर्ट पटना और वाराणसी में है। जहां पहुंचने के लिए कम से कम चार से पांच घंटे लगते हैं, जबकि कोलकाता की दूरी बलिया से करीब एक हजार किलोमीटर है। ऐसे में कई सवाल पश्चिम बंगाल पुलिस पर खड़े हो रहे हैं।

परिजनों का दावा और निर्दोष होने की बात

उधर राज सिंह की मां जामवंती सिंह बार-बार मीडिया के सामने कह रही हैं कि 6 मई की रात राज सिंह उनके साथ घर पर था। वह जोमैटो से सब्जी मंगाकर उन्हें पैसे देता है। यह सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और उन्हें अपने रामजी और हनुमान जी पर पूरा भरोसा है।

जांच की मांग और सीबीआई को दिए गए दस्तावेज

राज सिंह की मां ने कहा कि घर और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए। जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने विजय सिनेमा रोड स्थित ड्रेस लैंड, शहीद चौक स्थित बद्री प्रसाद छेदीलाल, गुरुद्वारा रोड स्थित कला जोन और पानी टंकी चौराहा स्थित मान्यवर शोरूम से कपड़े लिए थे। सीसीटीवी फुटेज के साथ सभी दस्तावेज सीबीआई को सौंप दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने उनके बेटे को अयोध्या से गिरफ्तार किया, जो समझ से परे है। परिजनों ने मांग की है कि सभी फुटेज की गहन जांच कर मामले में सच्चाई सामने लाई जाए और न्याय सुनिश्चित किया जाए।

Location :  Ballia

Published :  16 May 2026, 8:53 PM IST