
गोवंश तस्कर गिरफ्तार (Img : pinterest)
Deoria : देवरिया पुलिस को गोवंश तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी को भाटपार रानी पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने महुजा रोड स्थित सोहगरा धाम के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार कर रहे थे। संयुक्त टीम ने फरार आरोपी लालबचन यादव (54 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर यादव, निवासी विशुनपुरा, थाना गुठनी, जिला सिवान (बिहार) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि 14 और 15 जुलाई की रात थाना लार और थाना भाटपार रानी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से बिहार ले जाए जा रहे आठ गोवंशीय पशुओं को बरामद किया था। इस दौरान चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में चार अन्य लोगों के नाम भी सामने आए, जिनमें लालबचन यादव भी शामिल था। इसके बाद थाना भाटपार रानी में मुकदमा के तहत गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
मामले में लगातार फरार चल रहे लालबचन यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस की सक्रिय निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अफसर ने बताया कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
Location : Deoria
Published : 27 July 2026, 6:33 PM IST