साक्षी की मौत के बाद उसके दोस्त पर हुआ मुकदमा दर्ज, गलगोटिया यूनिवर्सिटी का यह मामला आखिर क्यों पकड़ रहा है तूल

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की 19 वर्षीय छात्रा साक्षी की मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त अमन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। छात्रा के पिता ने शिकायत में बेटी को परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 October 2026, 8:42 PM IST

Greater Noida News: दनकौर कस्बे में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की 19 वर्षीय छात्रा साक्षी की मौत के मामले में पुलिस ने उसके एक दोस्त के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। छात्रा का शव 15 सितंबर को दनकौर स्थित एक पीजी के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद परिवार लगातार मामले की जांच और कार्रवाई की मांग कर रहा था। अब छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमन नाम के युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

बिहार के दरभंगा निवासी अशोक कुमार नायक ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी बेटी की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि साक्षी गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीएससी एग्रीकल्चर की अंतिम वर्ष की छात्रा थी और दनकौर में पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि साक्षी यूनिवर्सिटी में ही पढ़ने वाले अमन नाम के छात्र से परेशान थी। परिवार का आरोप है कि इसी परेशानी के चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने पिता की शिकायत को आधार बनाकर शनिवार शाम करीब 3 बजे अमन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

15 सितंबर को पीजी में मिला था शव

साक्षी की मौत का मामला 15 सितंबर को सामने आया था। दनकौर के एक पीजी कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की थी। घटना के बाद छात्रा के परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। परिवार का कहना था कि बेटी की मौत के पीछे की परिस्थितियों की पूरी जांच होनी चाहिए।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

कोतवाली प्रभारी सोहन पाल सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस छात्रा और आरोपी युवक के बीच संबंधों, घटना से पहले की परिस्थितियों और पिता की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Location :  Greater Noida

Published :  3 October 2026, 8:42 PM IST